दिल्ली पुलिस ने एक करोड़ रुपये मूल्य की 2.82 लाख प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट जब्त कीं

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-08-2026
Delhi Police seizes 2.82 lakh banned foreign cigarettes worth Rs 1 crore
Delhi Police seizes 2.82 lakh banned foreign cigarettes worth Rs 1 crore

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
उत्तर पूर्वी दिल्ली पुलिस ने एक करोड़ रुपये कीमत की 2.82 लाख प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट जब्त की हैं और चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
 
उन्होंने बताया कि यह जब्ती दो चरणों में की गई है। पुलिस ने पहले करावल नगर से प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट की एक खेप पकड़ी और आरोपियों की निशानदेही पर बुधपुर औद्योगिक इलाके में स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर और सिगरेट बरामद कीं।
 
उत्तर पूर्वी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) राहुल अलवल ने बताया कि करावल नगर इलाके में प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट की तस्करी के बारे में एक टीम को सूचना मिली जिसके बाद मंगलवार को अभियान शुरू हुआ।
 
उन्होंने बताया, “सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने शिव विहार में जाल बिछाया और शाम करीब साढ़े चार बजे एक मोटरसाइकिल पर बोरा लेकर तीन लोग पहुंचे और ग्राहक का इंतजार करने लगे। जब कोई नहीं आया तो वे जाने लगे लेकिन पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।”
 
डीसीपी ने कहा कि आरोपियों की पहचान करावल नगर इलाके के रहने वाले अंकित (35), विशाल (28) और राहुल (36) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान, पुलिस ने 79 कार्टन बरामद किए जिनमें इंडोनेशिया में निर्मित 12,640 विदेशी सिगरेट थी।
 
अधिकारी ने कहा कि सिगरेट के पैकेटों पर सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (सीओटीपीए) के तहत आवश्यक वैधानिक स्वास्थ्य चेतावनियां नहीं थीं, जिससे उन्हें भारत में नहीं बेचा जा सकता है।
 
उन्होंने बताया कि प्रतिबंधित पदार्थ के परिवहन के लिए कथित तौर पर इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली गई।
 
अलवल ने कहा, “बरामदगी के आधार पर, सीओटीपीए के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत करावल नगर थाने में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पूछताछ के दौरान, गिरफ्तार आरोपियों ने उस शख्स के बारे में जानकारी दी जिससे वे सिगरेट खरीदते थे। इस पर कार्रवाई करते हुए, जांच टीम ने बुधवार को कथित आपूर्तिकर्ता नीरज कपूर (55) को गिरफ्तार कर लिया।”
 
उन्होंने कहा कि बुधपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक परिसर में बाद में छापेमारी में विभिन्न ब्रांडों की लगभग 2.70 लाख से अधिक प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट बरामद हुईं।
 
अधिकारी ने कहा कि मामले में कुल एक करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 2,82,640 प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट जब्त की गई हैं।
 
पुलिस ने बताया कि खरीद के स्रोत की पहचान करने, वित्तीय लेनदेन की जांच करने और प्रतिबंधित विदेशी सिगरेट के अवैध व्यापार में शामिल व्यापक आपूर्ति नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जा रही है।