जंतर-मंतर प्रदर्शन के बाद आइसा के देशव्यापी ‘जेन जेड राइजिंग’ अभियान की घोषणा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-08-2026
After the Jantar Mantar protest, AISA announces nationwide 'Gen Z Rising' campaign
After the Jantar Mantar protest, AISA announces nationwide 'Gen Z Rising' campaign

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने बृहस्पतिवार को देशव्यापी संपर्क अभियान ‘जेन जेड राइजिंग’ शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत संगठन की राष्ट्रीय अध्यक्ष नेहा कई राज्यों का दौरा करके शिक्षा सुधार, बेरोजगारी और प्रवेश परीक्षा नीतियों जैसे मुद्दों को लेकर छात्रों और युवाओं को लामबंद करेंगी।

यह अभियान हाल में नीट प्रश्नपत्र लीक और प्रवेश परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर जंतर-मंतर पर हुए छात्र प्रदर्शनों तथा उच्च शिक्षा क्षेत्र में सुधार की मांग की पृष्ठभूमि में शुरू किया जा रहा है।
 
आइसा ने एक बयान में कहा कि इस पहल का उद्देश्य प्रदर्शनों के दौरान उभरे छात्र आंदोलन को ‘‘जारी रखना, मजबूत करना और आगे बढ़ाना’’ तथा इसे देशभर में विस्तार देना है।
 
छात्र संगठन ने कहा कि वह राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) को समाप्त करने की मांग जारी रखेगा। संगठन का तर्क है कि केंद्रीय परीक्षा निकाय पर निर्भर रहने के बजाय विश्वविद्यालयों को अपनी प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करने का अधिकार वापस दिया जाना चाहिए।
 
आइसा ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) को वापस लेने की अपनी मांग भी दोहराई। संगठन का आरोप है कि इस नीति से सार्वजनिक शिक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और इसे हितधारकों से पर्याप्त परामर्श के बिना लागू किया गया।
 
आइसा ने सभी के लिए सुलभ और किफायती शिक्षा तथा युवाओं के लिए सुरक्षित रोजगार के अवसरों की भी मांग की। संगठन ने रोजगार संबंधी आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि युवाओं में बेरोजगारी एक बड़ी चिंता बनी हुई है और सरकार को इस दिशा में कदम उठाने चाहिए।