छोटे किसानों के लिए एकीकृत खेती के मॉडल पर काम कर रही है सरकार: कृषि मंत्री चौहान

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-03-2026
The government is working on an integrated farming model for small farmers: Agriculture Minister Chauhan
The government is working on an integrated farming model for small farmers: Agriculture Minister Chauhan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कहा कि सरकार देश में एकीकृत खेती के मॉडल पर काम कर रही है जिससे छोटी जोत वाले किसानों को भी फायदा होगा।
 
चौहान ने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान कहा, ‘‘सरकार ने छोटी जोत वाले किसानों के लिए एकीकृत खेती के अनेक मॉडल पर काम करना शुरू किया है और कई जगह उनका प्रदर्शन कर रहे हैं।’’
 
उन्होंने पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए कहा कि सरकार इस बात पर विशेष ध्यान दे रही है कि छोटे किसान केवल एक फसल नहीं लगाएं, बल्कि खाद्यान्न, सब्जी, फल साथ में उगाने के अलावा वे मछली पालन, पशु पालन, वानिकी जैसे अनेक क्षेत्रों में काम करें और छोटे किसान की खेती भी लाभ का धंधा बने।
 
चौहान ने तंबाकू के सेवन से हर साल देश में 13 लाख से अधिक लोगों की मौत होने का आंकड़ा पेश करते हुए कहा कि हम तंबाकू उत्पादक किसानों को अन्य वैकल्पिक फसलों को उगाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं।
 
उन्होंने कहा, ‘‘हमने केवल किसानों को यह नहीं कहा कि तंबाकू का उत्पादन छोड़ दो। हमने अनेक वैकल्पिक फसलें चिह्नित की हैं।’’
 
उन्होंने कहा कि तंबाकू उत्पादक किसानों को मक्का, मिर्च, शकरकंद, लोबिया, रागी, मूंगफली, गन्ना, सोयाबीन और ज्वार जैसी विभिन्न फसलों के उत्पादन के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।