The Chief Minister of Delhi has ordered transfers in the Trade and Taxes Department over irregularities.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने औचक निरीक्षण में "गंभीर अनियमितताएं" पाए जाने के बाद व्यापार एवं कर विभाग के तीन सहायक आयुक्तों समेत 162 अधिकारियों के तबादलों का आदेश दिया है।
दिल्ली सरकार के शुक्रवार को जारी एक बयान के अनुसार, इन अधिकारियों में 58 अनुभाग अधिकारी, 22 सहायक अनुभाग अधिकारी, 74 वरिष्ठ सहायक और पांच कनिष्ठ सहायक शामिल हैं।
सेवा विभाग ने बृहस्पतिवार को विभिन्न स्तर के अधिकारियों के लिए अलग-अलग तबादले आदेश जारी किए।
गुप्ता ने आठ अप्रैल को विभाग के अपने दौरे के दौरान "गंभीर अनियमितताएं" देखी थीं, जो बड़े पैमाने पर तबादलों का आधार बनीं।
बयान में कहा गया है, "इस सख्त कार्रवाई के तहत, तीन सहायक आयुक्तों सहित कुल 162 अधिकारियों और कर्मचारियों का तबादला कर दिया गया है। ये अधिकारी लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात थे।"
सेवा विभाग के आदेश में कहा गया है कि तदर्थ दानिक्स कैडर के स्थानांतरित सहायक आयुक्तों में सुनीता, मनोज कुमार और सुरेंद्र सिंह शामिल हैं।
बयान में कहा गया, “ये अधिकारी लंबे समय से एक ही स्थान पर तैनात थे।”
बयान के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें भ्रष्टाचार या अनियमितताओं की कोई गुंजाइश नहीं है।
मुख्यमंत्री ने अपने निरीक्षण के दौरान स्पष्ट किया था कि अनुशासन केवल निचले स्तर के कर्मचारियों के लिए नहीं, बल्कि आयुक्त और विशेष आयुक्त स्तर तक हर अधिकारी पर समान रूप से लागू होगा।