मध्यप्रदेश सरकार लाड़ली बहना योजना की लाभार्थियों को रियायती दर पर गाय देगी : मंत्री

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 02-07-2026
the beneficiaries of Ladli Behna Yojana at a concessional rate: Minister
the beneficiaries of Ladli Behna Yojana at a concessional rate: Minister

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
मध्यप्रदेश सरकार राज्य में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ की लाभार्थियों को जल्द ही रियायती दर पर गाय उपलब्ध कराएगी। राज्य के पशुपालन एवं डेयरी (स्वतंत्र प्रभार) मंत्री लखन पटेल ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
 
मध्यप्रदेश में ‘मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना’ के तहत महिला लाभार्थियों को हर महीने 1,500 रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाती है।
 
पटेल ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, “लाड़ली बहना योजना की महिला लाभार्थियों को रियायती दर पर गाय दी जाएगी। राज्य में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए सरकार जल्द एक नयी योजना लाएगी।”
 
उन्होंने कहा, “मैंने मुख्यमंत्री से लाड़ली बहना योजना की लाभार्थियों को रियायती दर पर गाय उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है। यह बहुत अच्छी योजना है और मुख्यमंत्री मोहन यादव जल्द इसकी घोषणा करेंगे।”
 
मंत्री ने कहा कि इस निर्णय से राज्य में दुग्ध उत्पादन बढ़ेगा और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने में भी मदद मिलेगी।
 
उन्होंने कहा, “जब हमारे पास दूध देने वाली गाय और भैंस अधिक संख्या में होंगी, तभी हम दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में अग्रणी बन सकेंगे।”
 
केंद्र सरकार की ओर से नवंबर 2025 में जारी आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बाद मध्यप्रदेश देश का तीसरा सबसे बड़ा दुग्ध उत्पादक राज्य है।