दिल्ली विश्वविद्यालय ने 2026-27 सत्र का शैक्षणिक कैलेंडर जारी किया, 28 जुलाई से शुरू होंगी कक्षाएं

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 02-07-2026
Delhi University releases academic calendar for 2026-27 session
Delhi University releases academic calendar for 2026-27 session

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
दिल्ली विश्वविद्यालय ने सभी स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के लिए 2026-27 शैक्षणिक सत्र का कैलेंडर जारी कर दिया।
 
कैलेंडर के तहत पहले सेमेस्टर की कक्षाएं 28 जुलाई से शुरू होंगी। विश्वविद्यालय द्वारा एक जुलाई को जारी अधिसूचना के अनुसार, यह कैलेंडर सभी स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों पर लागू होगा तथा संबंधित सभी पक्षों को इसका पालन करना होगा।
 
प्रथम, तृतीय, पंचम और सप्तम सेमेस्टर के लिए कक्षाएं 28 जुलाई से शुरू होंगी।
 
शरदकालीन अवकाश 18 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक रहेगा और इसके बाद 26 अक्टूबर से कक्षाएं फिर शुरू होंगी।
 
विश्वविद्यालय ने 20 नवंबर से कक्षाओं के समापन, तैयारी अवकाश और प्रायोगिक परीक्षाओं का कार्यक्रम निर्धारित किया है, जबकि लिखित परीक्षाएं चार दिसंबर से शुरू होंगी।
 
शीतकालीन अवकाश 25 दिसंबर से 31 दिसंबर तक रहेगा।
 
द्वितीय, चतुर्थ, षष्ठम और अष्टम सेमेस्टर के लिए कक्षाएं एक जनवरी, 2027 से शुरू होंगी।
 
मध्य-सेमेस्टर अवकाश 21 मार्च से 28 मार्च तक निर्धारित किया गया है और इसके बाद 29 मार्च से कक्षाएं फिर शुरू होंगी।
 
कैलेंडर में बताया गया कि 30 अप्रैल से कक्षाओं का समापन, तैयारी अवकाश और प्रायोगिक परीक्षाएं शुरू होंगी, जबकि लिखित परीक्षाएं 13 मई से होंगी।
 
ग्रीष्मकालीन अवकाश तीन जून से 20 जुलाई, 2027 तक रहेगा।
 
विश्वविद्यालय ने यह भी बताया कि नए शैक्षणिक कैलेंडर को लागू करने के लिए मौजूदा 2025-26 शैक्षणिक सत्र के तहत ग्रीष्मकालीन अवकाश को 20 जुलाई से बढ़ाकर 27 जुलाई, 2026 तक किया जा सकता है।
 
रजिस्ट्रार द्वारा जारी यह अधिसूचना आगामी शैक्षणिक सत्र के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में जारी प्रवेश प्रक्रिया के बीच जारी की गई है।