आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते की शर्तों पर सहमत बन गयी है।
शहबाज ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पाकिस्तान की ओर से शांति समझौते के लिए जोर-शोर से मध्यस्थता की कोशिशें जारी रहने के बीच हम उन लोगों द्वारा लगातार फैलाई जा रही भ्रामक प्रचार से भी पूरी तरह वाकिफ हैं, जो इस शांति समझौते को नाकाम करना चाहते हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हम इस बात की पुष्टि कर सकते हैं कि शांति समझौते का अंतिम और सर्वसम्मति से तैयार किया हुआ मसौदा पूरा हो गया है और पाकिस्तान अब अगले कदम को अंतिम रूप देने के लिए दोनों पक्षों के साथ मिलकर काम कर रहा है।’’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हम शांति समझौते के इतने करीब कभी नहीं पहुंचे, जितना अब हैं।’’
संभावित समझौते के बारे में कई खबरों के सामने आने के बाद किए गए इस पोस्ट में शहबाज ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ-साथ ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन और विदेश मंत्री अब्बास अराघची को भी टैग किया।
शहबाज के इस दावे पर ‘व्हाइट हाउस’ या ईरान के अधिकारियों की ओर से कोई तुरंत प्रतिक्रिया नहीं आई।
इससे पहले, ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने बातचीत में प्रगति का संकेत देते हुए कहा था, ‘‘इस्लामाबाद समझौता ज्ञापन पर इस तरह की सहमति पूर्व में कभी नहीं बनी।’’
उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, ‘‘समझौते को अंतिम रूप दिए जाने तक मीडिया को इसके बारे में अटकलें लगाने से बचना चाहिए। हमारी जिम्मेदार और पारदर्शी नीति के अनुरूप सभी जानकारी उचित समय पर जनता के साथ साझा की जाएगी।’’