Tension prevails in Meghalaya's West Garo Hills district after incidents of arson and looting; curfew continues
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
मेघालय के पश्चिम गारो पर्वतीय जिले में रातभर हुई आगजनी और लूटपाट की घटनाओं के बाद बृहस्पतिवार सुबह हालात तनावपूर्ण बने रहे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि तुरा शहर के कई इलाकों में निवासियों ने अपने मोहल्लों की सुरक्षा के लिए पूरी रात पहरा दिया, क्योंकि लूटपाट, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुई थीं।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, शरारती तत्वों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में दुकानों सहित कई संपत्तियों में लूटपाट और तोड़फोड़ की तथा उन्हें आग के हवाले कर दिया। इसके बाद लोगों ने खुद को संगठित कर अपने इलाकों की सुरक्षा के लिए निगरानी शुरू कर दी ताकि आगे नुकसान न हो।
हमले का शिकार हुए प्रतिष्ठानों में तुरा में स्थित एक शराब की दुकान भी शामिल है, जो कथित तौर पर मुख्यमंत्री कोनराड के संगमा के एक परिजन की बताई जाती है। बुधवार रात असामाजिक तत्वों ने इस दुकान में लूटपाट की।