Tamil Nadu's voters have redefined electoral politics; many myths have been shattered: Vijay
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अभिनय से राजनीति में आए और पहली बार चुनावी मैदान में उतरे चंद्रशेखरन जोसेफ विजय ने शुक्रवार को कहा कि 23 अप्रैल को 234 सदस्यीय विधानसभा के लिए हुए चुनाव में 85 प्रतिशत मतदान ने चुनावी राजनीति को पुनर्भाषित किया और कई मिथकों को तोड़ दिया है।
विजय ने कहा कि राज्य में मतदाताओं की अभूतपूर्व भागीदारी देखी गई। उन्होंने टिप्पणी की कि ‘‘चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है’’ यह बात कल वास्तव में महसूस की गई।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, बृहस्पतिवार को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 85.15 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया,जो अब तक का सबसे अधिक है।
तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के संस्थापक विजय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘तमिलनाडु की जनता ने राज्य की चुनावी राजनीति को नए सिरे से परिभाषित किया है, इसके लिए मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं।’’
उन्होंने कहा कि पहली बार मतदान करने वालों सहित परिवार, मंदिर उत्सवों के दौरान देखी जाने वाली उमंग और उत्साह के साथ मतदान केंद्रों पर उमड़ पड़े।
विजय ने टीवीके के मतदान एजेंट और पार्टी सदस्यों को धन्यवाद दिया और उनके द्वारा किए गए काम की सराहना की। हालांकि, टीवीके के राजनीतिक विरोधियों ने राजनीतिक अनुभव की कमी के लिए उनका मखौल उड़ाया था।