Suspended employee of Shri Badrinath-Kedarnath Temple Committee arrested for offering 'irregularities'
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तराखंड पुलिस ने बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावा प्रबंधन में गड़बड़ी के आरोपी प्रमोद नौटियाल को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
चमोली के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि नौटियाल को रविवार रात चमोली पुलिस ने गिरफ्तार किया और बद्रीनाथ ले गई जहां उससे पूछताछ की जा रही है।
नौटियाल श्री बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) का निलंबित कर्मचारी है। पुलिस ने बताया कि नौटियाल के खिलाफ मंगलवार देर रात प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वह बीकेटीसी के अध्यक्ष के निजी सहायक के तौर पर काम करता था।
बीकेटीसी की चार सदस्यीय जांच समिति ने नौटियाल पर चढ़ावा प्रबंधन में गड़बड़ी के आरोपों को शुरुआती तौर पर सही पाया था।
बीकेटीसी एक वैधानिक संस्था है जो उत्तराखंड में बद्रीनाथ मंदिर और दूसरे धार्मिक स्थलों का प्रबंधन करती है।
उत्तराखंड सरकार ने भी पिछले हफ्ते तीन सदस्यीय अपनी जांच समिति गठित की थी।
गढ़वाल खंड के आयुक्त इस समिति के अध्यक्ष हैं और समिति अपनी रिपोर्ट और सुझाव राज्य सरकार को सौंपेगी।
बद्रीनाथ मंदिर में चढ़ावे की गिनती के दौरान गड़बड़ी के आरोप सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला चर्चा में आया। इसके बाद ‘भैरव सेना’ नामक संगठन ने शिकायत दर्ज कराई और मामले की जांच तथा प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की।