आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बृहस्पतिवार को कोलकाता के पास सॉल्ट लेक स्थित राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय स्वास्थ्य भवन का औचक दौरा किया और मरीजों की देखभाल में सुधार के उद्देश्य से शुरू की गई अस्पताल निगरानी प्रणाली की प्रगति की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी आधारित निगरानी प्रणाली शहर के 15-16 सरकारी अस्पतालों और कुछ जिलों में पहले से ही लागू है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि इस सुविधा का विस्तार 30 जुलाई तक सभी अनुमंडलीय अस्पतालों में भी किया जाए।
अधिकारी ने कहा, "मैंने निर्देश दिया है कि लाइव निगरानी प्रणाली का विस्तार 30 जुलाई तक सभी अनुमंडलीय अस्पतालों में किया जाए। यह निगरानी केवल आपातकालीन वार्ड और ओपीडी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसमें रसोई, पार्किंग क्षेत्र, उचित मूल्य वाली दवा दुकानें और जनऔषधि केंद्र भी शामिल होंगे ताकि पारदर्शिता, स्वच्छता और मरीजों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित की जा सके।"
उन्होंने यह भी कहा कि इससे सरकारी अस्पतालों में दलालों की गतिविधियों पर रोक लगेगी।