आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
तमिलनाडु के पूर्व उपमुख्यमंत्री उदयनिधि स्टालिन को अभिनेत्री तृषा कृष्णन को लेकर ‘‘द्विअर्थी’’ टिप्पणी करने और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोप में मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
कावेरी डेल्टा के एक शहर में विरोध मार्च के दौरान कथित रूप से की गई विवादित टिप्पणी के सिलसिले में उदयनिधि को गिरफ्तार किए जाने के बाद पुलिस वैन से तंजावुर ले जाया गया।
पुलिस ने उनके खिलाफ अशोभनीय शब्दों का प्रयोग करने, किसी महिला की गरिमा को भंग करने सहित कानून की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
उदयनिधि की गिरफ्तारी के विरोध में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनकी गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करते हुए पूरे राज्य में जबरदस्त प्रदर्शन शुरू कर दिया और ‘सड़कों को जाम’ कर दिया।
इस बीच, पांच अगस्त से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र से पहले आगे की रणनीति तय करने के लिए द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष एम. के. स्टालिन ने पार्टी मुख्यालय में आपात बैठक बुलाई।