एफएमसीजी, खुदरा एवं खाद्य उद्योग शिकायत निवारण प्रणाली मजबूत करें : उपभोक्ता मामलों की सचिव

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 04-08-2026
FMCG, retail and food industries should strengthen grievance redressal system: Consumer Affairs Secretary
FMCG, retail and food industries should strengthen grievance redressal system: Consumer Affairs Secretary

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 उपभोक्ता मामलों की सचिव निधि खरे ने ग्राहकों की बढ़ती शिकायतों पर मंगलवार को चिंता जाहिर करते हुए दैनिक उपभोग का सामान बनाने वाली कंपनियों (एफएमसीजी), खाद्य एवं खुदरा क्षेत्र से जुड़े उद्यमों से उपभोक्ता शिकायत निवारण प्रणाली को मजबूत करने का आग्रह किया ताकि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण उत्पाद और सेवाएं मिल सकें।
 
उद्योग मंडल फिक्की द्वारा यहां आयोजित एक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश में परीक्षण अवसंरचना को मजबूत करने तथा गुणवत्ता मानकों के अनुरूप उत्पादों के नमूनों की जांच क्षमता बढ़ाने के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) तथा रोबोटिक्स का उपयोग बढ़ाने की जरूरत है।
 
खरे ने बताया कि सरकार भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा निर्धारित मानकों को सरल बनाने पर काम कर रही है ताकि उद्योग के लिए उनका अनुपालन आसान हो।
 
उन्होंने कहा, ‘‘उपभोक्ता मामलों के विभाग में हम ग्राहकों को गुणवत्ता और मात्रा दोनों का भरोसा दिलाते हैं। गुणवत्ता के लिए हमारे पास राष्ट्रीय मानक निकाय बीआईएस है। बीआईएस के तहत परीक्षण प्रयोगशालाएं हैं, जो कई तृतीय-पक्ष परीक्षण सुविधाओं को मान्यता देती हैं तथा सूचीबद्ध करती हैं।’’