आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
सिक्किम का निर्वाचन विभाग विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पूरी होने के बाद मतदाता सूची में शामिल होने से रह गए पात्र मतदाताओं को जोड़ने के लिए 11 अक्टूबर को पूरे राज्य में विशेष नामांकन शिविर आयोजित करेगा। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एसआईआर के बाद छह सितंबर को प्रकाशित सिक्किम की अंतिम मतदाता सूची में 4,18,467 मतदाता थे। पुनरीक्षण प्रक्रिया से पहले राज्य में 4,71,018 मतदाता थे।
सिक्किम के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर से जारी एक विज्ञप्ति में कहा गया कि बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) अन्य क्षेत्रीय स्तर के कर्मियों के साथ मिलकर 11 अक्टूबर को अपने-अपने मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित करेंगे।
विज्ञप्ति में कहा गया कि यह अभियान उन वैध मतदाताओं पर केंद्रित होगा, जिनके नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए हैं। इसके अलावा, उन लोगों को भी इसमें शामिल किया जाएगा, जिन्होंने 18 वर्ष की आयु पूरी कर ली है और मतदाता के रूप में पंजीकरण के पात्र हैं लेकिन अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हुए हैं।