Some forces are systematically weakening Ambedkar's legacy and the Constitution: Rahul
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि आज कुछ ताकतें बाबासाहेब की विरासत एवं संविधान को सुनियोजित तरीके से कमजोर करने में लगी हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि वह बाबासाहेब के विचारों की रक्षा के लिए पूरी ताकत से लड़ते रहेंगे।
राहुल गांधी ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने हमें सिर्फ संविधान नहीं, न्याय, समानता और सम्मान पर आधारित एक सशक्त भारत का सपना दिया। लेकिन आज कुछ ताकतें सुनियोजित तरीके से बाबासाहेब की इस विरासत और हमारे संविधान को कमजोर करने में लगी हैं, लोकतांत्रिक संस्थाओं को खोखला किया जा रहा है, अधिकारों को कुचला जा रहा है, और समता की सोच पर हमला हो रहा है।"
उन्होंने कहा, "यह देश बाबासाहेब के विचारों पर बना है, मैं पूरी शक्ति के साथ, आखिरी दम तक इनकी रक्षा के लिए लड़ता रहूंगा। हम सब मिल कर बाबा साहेब के सपनों के भारत को फिर से साकार करेंगे।"
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 'एक्स' पर पोस्ट किया, "बाबासाहेब डॉ. बी. आर. आंबेडकर की जयंती पर, हम इस दूरदर्शी नेता को पूरी श्रद्धा से नमन करते हैं जिन्होंने भारत को इसकी नैतिक और संवैधानिक आत्मा दी। बाबासाहेब न केवल भारत के संविधान के निर्माता थे, बल्कि स्वतंत्रता, समानता, बंधुत्व और न्याय के लिए एक योद्धा थे।’’
उन्होंने कहा कि ‘‘आज, जब संविधान पर षडयंत्रकारी हमले हो रहे हैं, तो उनके शब्द और चेतावनियां नए सिरे से पूरी तात्कालिकता के साथ गूंजती हैं।"
उन्होंने कहा कि यह एक ऐसा क्षण है जो साहस और दृढ़ विश्वास की मांग करता है।
खरगे ने कहा, "हमें केवल उन्हें याद नहीं करना चाहिए, हमें उनके द्वारा स्थापित हर सिद्धांत की रक्षा के लिए, उनके द्वारा हासिल किए गए, हर अधिकार की रक्षा के लिए और उनके द्वारा जिए गए और लड़े गए हर मूल्य को बनाए रखने के लिए उठना चाहिए।"