Six companies authorized to supply LPG-PNG in all 38 districts of Bihar: Chief Secretary
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने मंगलवार को कहा कि पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस विनियामक बोर्ड (पीएनजीआरबी) ने राज्य के सभी 38 जिलों में एलपीजी व पीएनजी आपूर्ति के लिए छह कंपनियों को अधिकृत किया है।
उन्होंने बताया कि गैस की उपलब्धता बनाए रखने के लिए इन जिलों को 14 भौगोलिक क्षेत्रों में विभाजित किया गया है।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में आयोजित ‘क्राइसिस मैनेजमेंट ग्रुप’ (सीएमजी) की बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि पाइप से मुहैया कराए जाने वाली प्राकृतिक गैस (पीएनजी) के कनेक्शन देने की गति में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज हुई है। मार्च 2026 में यह संख्या बढ़कर लगभग 7,585 कनेक्शन प्रति माह हो गई। आठ अप्रैल 2026 तक राज्य में कुल एक लाख घरेलू पीएनजी (डी-पीएनजी) कनेक्शन चालू किए जा चुके हैं। शहर गैस वितरण (सीजीडी) कंपनियां इस गति को बढ़ाकर 9,000 से 12,000 कनेक्शन प्रति माह तक ले जाने के प्रयास कर रही हैं।
बैठक में एलपीजी (द्रवित पेट्रोलियम गैस) के बारे में बताया गया कि 11 अप्रैल 2026 तक राज्य में एलपीजी गैस सिलेंडर को भरने की औसत दैनिक मांग 4,42,348 रही जबकि औसत दैनिक आपूर्ति 3,58,005 दर्ज की गई।
वितरण में अनियमितता और कालाबाजारी पर नियंत्रण के लिए राज्यभर में सघन जांच अभियान चलाया गया है जिसके तहत अब तक 30,950 निरीक्षण किए गए हैं। इस दौरान अवैध तरीके से रखे गए 1,814 सिलेंडर जब्त किए गए। इसके अलावा, 45 मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 6ए के तहत कार्रवाई की गई है तथा 138 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।