आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने डॉ. बी आर आंबेडकर की 135वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए मंगलवार को कहा कि सामाजिक न्याय, समावेश और सशक्तीकरण के उनके आदर्श देश के विकास का मार्गदर्शन करते हैं।
उन्होंने कांग्रेस पर आंबेडकर को उचित सम्मान नहीं देने का आरोप भी लगाया।
नवीन ने भारतीय संविधान के मुख्य निर्माता बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती पर यहां भाजपा मुख्यालय में उन्हें पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा, ‘‘मैं भारत के सभी लोगों को हार्दिक शुभकामनाएं देता हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘डॉ. आंबेडकर का जीवन समाज सुधार, शिक्षा को बढ़ावा देने और सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए समर्पित था। आज भी, जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी नये भारत के निर्माण की दिशा में काम कर रहे हैं, तब आंबेडकर के आदर्शों की प्रासंगिकता बनी हुई है।’’
नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी, आंबेडकर के दृष्टिकोण के अनुरूप ‘‘नये भारत’’ के निर्माण की दिशा में काम कर रहे हैं और इसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ ही अंतिम छोर पर मौजूद व्यक्ति के भी कल्याण पर ध्यान दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘डॉ. आंबेडकर का जीवन समाज सुधार करने, शिक्षा को बढ़ावा देने और समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए समर्पित था। आज भी, नए भारत के निर्माण की प्रक्रिया में उनके आदर्श अत्यंत प्रासंगिक बने हुए हैं।’’
नवीन ने कहा, ‘‘मेरा मानना है कि संविधान में जिस तरह उन्होंने सभी की भागीदारी पर जोर दिया, महिलाओं के अधिकार सुनिश्चित किए और समाज के हर वर्ग को आवाज देने के लिए काम किया, वह आज भी देशभर के लोगों को प्रेरित करता है।’’