आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट दर्ज की गई और इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है।
सफदरजंग मौसम केंद्र में न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.2 डिग्री कम और पिछले दिन की तुलना में 0.9 डिग्री कम है। पालम में न्यूनतम तापमान 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन से 0.7 डिग्री कम है। वहीं, लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 24.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन की तुलना में 0.1 डिग्री कम है।
शनिवार तड़के कई मौसम केंद्रों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
सफदरजंग केंद्र पर शुक्रवार रात 11:30 बजे से देर रात 2:30 बजे तक 16.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद अगले तीन घंटों में 1.6 मिमी बारिश हुई। पालम में रात 11:30 बजे से देर रात 2:30 बजे तक 10.2 मिमी और देर रात 2:30 बजे से सुबह 5:30 बजे तक 3.4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
पूसा मौसम केंद्र में देर रात 2:30 बजे तक 13 मिमी और उसके बाद 16 मिमी बारिश दर्ज की गई।
आईएमडी ने शनिवार को बहुत हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है और कहा है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम की ऐसी ही स्थिति बनी रह सकती है।
आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया, ‘‘शनिवार को कई स्थानों पर बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है। सुबह से दोपहर तक कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश हो सकती है। शाम या रात के समय कई इलाकों में फिर से बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना है।’’
आईएमडी के अनुसार, अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।