आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
नेपाल के शे-फोक्सुंडो राष्ट्रीय उद्यान क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण फंसे छह भारतीय पर्यटकों को सोमवार को निकाल लिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
डोल्पा जिला पुलिस कार्यालय के प्रवक्ता एवं पुलिस निरीक्षक बिनय सिंह ने बताया कि बर्फबारी के कारण दो महिला और चार पुरुष पर्यटकों से एक नवंबर से संपर्क टूट गया था और उन्हें सोमवार सुबह एक निजी हेलीकॉप्टर की मदद से बचाया गया।
पुलिस ने बताया कि सभी पर्यटकों का डोल्पा जिले के दुनै स्थित सरकारी अस्पताल में उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर है।
ये पर्यटक काठमांडू से करीब 300 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में शे-फोक्सुंडो ग्रामीण नगरपालिका के वार्ड नंबर आठ के धो क्षेत्र में गए थे। डोल्पा की मुख्य जिला अधिकारी (सीडीओ) जुनु ढकाल के अनुसार, यह पूरा इलाका भारी बर्फ से ढका हुआ था।
इसी ग्रामीण नगरपालिका में स्थित शे-फोक्सुंडो झील नेपाल की सबसे गहरी झील है। यह समुद्र तल से 3,600 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है और इसकी अनुमानित गहराई 145 मीटर है।