बाबा साहेब का जीवन सभी के लिए सदैव पथप्रदर्शक रहेगा: योगी आदित्यनाथ

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 14-04-2026
Baba Saheb's life will always be a guiding light for all: Yogi Adityanath
Baba Saheb's life will always be a guiding light for all: Yogi Adityanath

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. भीमराव आंबेडकर की 135वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए मंगलवार को कहा कि उनका जीवन सभी के लिए सदैव पथप्रदर्शक रहेगा।
 
आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘समता, न्याय और बंधुत्व के उच्च आदर्शों से आलोकित, समरस एवं समावेशी समाज की आधारशिला रखने वाले भारतीय संविधान के शिल्पकार ‘भारत रत्न’ बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी की जयंती पर विनम्र श्रद्धांजलि।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘अंत्योदय और लोक-कल्याण के प्रति समर्पित बाबा साहेब सच्चे अर्थों में मां भारती के अमूल्य रत्न हैं। उनका प्रेरक जीवन हम सभी के लिए सदैव पथप्रदर्शक रहेगा।’’
 
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी डॉ. आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।
 
उन्होंने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘सामाजिक न्याय के अग्रदूत, संविधान शिल्पी ‘भारत रत्न’ बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी ने शिक्षा को परिवर्तन का सशक्त माध्यम बनाकर वंचितों, श्रमिकों और किसानों को अधिकार दिलाते हुए समता, न्याय और मानव गरिमा की अटूट आधारशिला रखी। उनका संघर्षमय जीवन आज भी कर्तव्य, समर्पण और राष्ट्रसेवा का मार्ग आलोकित करता है।’’
 
मौर्य ने कहा, ‘‘यह डॉ. आंबेडकर का ही पुण्य और अलौकिक प्रताप है कि आज एक आदिवासी की बेटी देश की महामहिम राष्ट्रपति है और पिछड़े वर्ग का बेटा प्रधानमंत्री है।’’
 
उन्होंने बहुजन समाज पार्टी तथा दलित और पिछड़ों की राजनीति करने वाले अन्य दलों पर निशाना साधते हुए कहा, ‘‘जो लोग बाबा साहेब को केवल एक वर्ग तक सीमित रखना चाहते हैं और उनके नाम पर साल में एकाध दिन अपनी राजनीति चमकाने के लिए उनका स्मरण करते हैं, उनके अनुयायियों को महज वोटबैंक समझते हैं, वे बाबा साहेब का घोर अपमान करते हैं। कुछ दल बाबा साहेब के विचारों पर चलने के स्थान पर उनके नाम पर केवल मूर्तियां लगाकर अपने को धन्य समझ लेते हैं।’’
 
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी डॉ. आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित की।