आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने फ्रांस के कारोबारियों और निवेशकों को ‘विकसित भारत 2047’ की यात्रा में भागीदार बनने का आमंत्रण दिया।
उन्होंने भारत-फ्रांस रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने तथा दोनों देशों की साझा समृद्धि के लिए मिलकर काम करने पर जोर दिया।
वित्त मंत्री ने बृहस्पतिवार को पेरिस में आयोजित ‘भारत-फ्रांस व्यापार गोलमेज बैठक’ को संबोधित करते हुए फ्रांस के निवेशकों से स्वास्थ्य सेवा, दवा एवं जैव-प्रौद्योगिकी क्षेत्रों में साझेदारी के अवसर तलाशने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि जीवन विज्ञान, टीकों, सक्रिय औषधीय अवयवों (एपीआई), नैदानिक अनुसंधान, प्रिसिजन मेडिसिन और डिजिटल स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों की पूरक क्षमताओं का उपयोग कर मजबूत स्वास्थ्य सेवा मूल्य शृंखला विकसित की जा सकती है।