आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने शनिवार को प्रेसीडेंसी विश्वविद्यालय और यादवपुर विश्वविद्यालय में कथित राष्ट्र-विरोधी गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाने के लिए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) कार्यकर्ताओं की तारीफ की और उनसे अपने प्रयासों को जारी रखने का आग्रह किया।
माणिकतला में काली पूजा कार्यक्रम में शुभेंदु ने विश्वविद्यालय के कुछ समूहों पर ‘‘कश्मीर मांगे आजादी’’ जैसे नारे लगाने का आरोप लगाया।
शुभेंदु ने काली पूजा पंडाल के उद्घाटन अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए कथित ‘‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’’ और ‘‘कश्मीर मांगे आजादी’’ जैसे नारे लगाने वाले समूहों का जिक्र किया और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों को ‘‘कॉकरोच’’, ‘‘खटमल’’ तथा ‘‘दिमागी नक्सली’’ कहा।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद -- जो दुनिया का सबसे बड़ा छात्र संगठन है - के अपने राष्ट्रवादी भाई-बहनों को बधाई देता हूं। उन्होंने प्रेसीडेंसी और यादवपुर विश्वविद्यालय से ऐसे नारे लगाने वालों तथा राष्ट्र-विरोधी भावनाओं को बढ़ावा देने वालों को साफ करने का बीड़ा उठाया है।’’
एबीवीपी कार्यकर्ताओं से अपने प्रयासों को जारी रखने की अपील करते हुए, शुभेंदु ने कहा, ‘‘जिस चीज की भी जरूरत हो, चाहे वह ब्लीचिंग पाउडर हो या फिनाइल, मैं वह उपलब्ध कराऊंगा। यह सफाई जारी रहनी चाहिए।’’