आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
‘शाहदरा बार एसोसिएशन’ ने सोमवार को एक परिपत्र जारी करके उस महिला अधिवक्ता का समर्थन करने का संकल्प जताया जिस पर 22 अप्रैल को उसके पति ने बेरहमी से हमला किया था।
परिपत्र में सदस्यों को सूचित किया गया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उच्चतम न्यायालय ने मामले का संज्ञान लिया है।
एसोसिएशन के सचिव नरवीर डबास द्वारा जारी परिपत्र में कहा गया है, ‘‘सम्मानित सदस्यों को सूचित किया जाता है कि हमारे बार की सदस्य मधु राजपूत पर बेरहमी से हमला करने वाले आरोपी को 25-26 अप्रैल की दरमियानी रात पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।’’ परिपत्र में कहा गया है कि आरोपी को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
परिपत्र में कहा गया है, ‘‘हम न्याय मिलने तक हर संभव प्रयास करने का संकल्प लेते हैं।’’
परिपत्र में कहा गया है, ‘‘शाहदरा बार एसोसिएशन की कार्यकारी समिति उच्चतम न्यायालय की ‘एडवोकेट ऑन रिकॉर्ड’ स्नेहा कलिता, तरुण राणा (एनडीबीए के मानद सचिव) और समन्वय समिति के अन्य सदस्यों द्वारा इस मामले में दिए गए समर्थन की सराहना करती है।’’
इससे पहले दिल्ली पुलिस ने कहा था कि आरोपी मनोज कुमार, जो सोनिया विहार का निवासी है, को रविवार को खजूरी खास इलाके से गिरफ्तार किया गया था। मनोज पर आरोप है कि उसने 22 अप्रैल को अपनी 38 वर्षीय पत्नी पर चाकू से हमला किया था।