Shah will begin his three-day visit to Bihar's Seemanchal region on Wednesday.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बुधवार से बिहार के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शाह राज्य के उत्तर-पूर्वी हिस्से में स्थित सीमांचल क्षेत्र का दौरा करेंगे, जिसकी सीमाएं पश्चिम बंगाल और नेपाल से लगती हैं, और जहां अल्पसंख्यक आबादी काफी है।
राज्य के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार के अनुसार, गृह मंत्री अपने दौरे में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जिसमें प्रभावी सीमा प्रबंधन के लिए उठाए जाने वाले कदमों पर चर्चा की जाएगी।
डीजीपी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है। चर्चा का एजेंडा सीमा प्रबंधन, विशेषकर नेपाल सीमा, तथा मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के उपायों पर केंद्रित रहने की संभावना है।’’
उल्लेखनीय है कि शाह इससे पहले नवंबर में बिहार आए थे और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की विधानसभा चुनावों में प्रचंड जीत के बाद बनी नयी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हुए थे।
शाह बुधवार अपराह्न पूर्णिया हवाई अड्डे पर पहुंचेंगे। वहां से वह सीधे किशनगंज जाएंगे।
अधिकारी के अनुसार बृहस्पतिवार को गृह मंत्री पड़ोसी अररिया जिले का दौरा करेंगे, जहां वह नेपाल सीमा का निरीक्षण कर सकते हैं और सशस्त्र सीमा बल के अधिकारियों के साथ संवाद करेंगे। शाम को उनके पूर्णिया लौटने का कार्यक्रम है।