Shah to inaugurate infrastructure projects at SSB Frontier Headquarters in Siliguri
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के सिलीगुड़ी में कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे, जिनमें सीमा सुरक्षा और देश के नए आपराधिक कानूनों के बारे में जागरूकता प्रमुख विषय होंगे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
शाह पूर्वाह्न करीब सवा 11 बजे सिलीगुड़ी स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के फ्रंटियर मुख्यालय जाएंगे और विभिन्न बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। वह एसएसबी कर्मियों के साथ पारंपरिक ‘बड़ा खाना’ में भी शामिल होंगे।
इसके बाद वह अपराह्न करीब ढाई बजे कावाखाली मैदान में तीन नए आपराधिक कानूनों-भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम-पर आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे।
ये तीनों कानून एक जुलाई 2024 को लागू हुए थे और इन्होंने भारतीय दंड संहिता, दंड प्रक्रिया संहिता तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम का स्थान लिया था।
अधिकारियों ने बताया कि लोगों को नयी आपराधिक न्याय प्रणाली से परिचित कराने के लिए ‘पांच स्तंभ: परिवर्तित न्याय प्रणाली’ शीर्षक वाली यह प्रदर्शनी 26 अगस्त तक लगी रहेगी।