छात्रों के निलंबन, स्वायत्त कॉलेज नियमों को लेकर तिरुवनंतपुरम में एसएफआई का प्रदर्शन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-11-2026
SFI protests in Thiruvananthapuram over suspension of students, autonomous college rules
SFI protests in Thiruvananthapuram over suspension of students, autonomous college rules

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 केरलम के कालडी स्थित श्री शंकराचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय में छात्रों के निलंबन और स्वायत्त कॉलेजों के नियमों में ढील के विरोध में एसएफआई के बृहस्पतिवार को हुए प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारी पानी की बौछार करने वाले वाहन पर चढ़ गए और मंत्री रोजी एम. जॉन को निशाना बनाते हुए बैनर लगा दिए। पुलिस ने यह जानकारी दी।
 
स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के राज्य सचिव पी. एस. संजीव के नेतृत्व में निकाला गया यह मार्च राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री के कार्यालय के निकट स्थित सचिवालय के द्वार की ओर बढ़ा।
 
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए चार बार पानी की बौछारें कीं, लेकिन करीब 100 एसएफआई कार्यकर्ताओं ने पीछे हटने से इनकार कर दिया।
 
उन्होंने बताया कि इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड को बांधकर रखी गई रस्सियां काट दीं और सचिवालय के द्वार की ओर बढ़ने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों को सचिवालय परिसर में प्रवेश करने से रोकने के लिए द्वार के सामने पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।
 
परिसर में प्रवेश करने से रोके जाने के बाद संजीव और कुछ कार्यकर्ता पानी की बौछार करने वाले वाहन पर चढ़ गए और उसके ऊपर मंत्री के खिलाफ एक बैनर लगा दिया। एक अन्य बैनर सचिवालय परिसर की दीवार पर लगाया गया।