Severe heat wave grips Kerala, temperature crosses 40 degrees Celsius in Palakkad
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल के ज्यादातर हिस्सों में गर्मी और उमस का मौसम है, कई जिलों में तापमान अधिक दर्ज किया गया तथा बारिश नहीं हुई।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा सोमवार की सुबह 8.30 बजे जारी किये गये, बीते 24 घंटे के आंकड़ों के मुताबिक, राज्य में उत्तरी पलक्कड़ सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
इसके अलावा दक्षिणी कोल्लम जिले के पुनालुर में भी तापमान लगभग 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आंतरिक क्षेत्रों जैसे कोट्टायम और त्रिशूर जिले के वेल्लानिक्कारा में भी तापमान 36 से 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से लोगों को असुविधाएं हुई।
तटीय क्षेत्रों जैसे तिरुवनंतपुरम में अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री सेल्सियस तथा कोच्चि हवाई अड्डे पर सुबह 8.30 बजे 33.2 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
हालांकि, दिन के समय उच्च आर्द्रता के कारण वास्तविक तापमान से अधिक गर्मी महसूस की गयी।
उत्तरी जिलों में भी गर्मी रही।
कोझिकोड शहर में 37.2 डिग्री सेल्सियस जबकि कन्नूर में तापमान 35 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा।
लक्षद्वीप के अमिनी और मिनिकॉय द्वीपों में लगभग 35 डिग्री सेल्सियस के साथ स्थिर तापमान दर्ज किया गया।
राज्य में रात में भी तापमान 26 से 29 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की वजह से दिन की गर्मी से लोगों को कोई खास राहत नहीं मिली।
आईएमडी के एक अधिकारी के मुताबिक, बारिश के संकेत लगातार बन रहे हैं, फिर भी केरल को भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए अभी कुछ और दिन इंतजार करना पड़ेगा।