नई दिल्ली
उत्तर भारत के कई राज्यों में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे का असर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, हरियाणा के गुरुग्राम और पंजाब के बठिंडा में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजस्थान के फतेहपुर (सीकर) में पारा शून्य से 0.4 डिग्री नीचे चला गया।
एनसीआर के फरीदाबाद और रेवाड़ी सहित अन्य इलाकों में भी तापमान शून्य के करीब पहुंच गया, जिससे जमीन और खेतों पर पाला जम गया। गुरुग्राम में गाड़ियों की शीशियों पर बर्फ जमी और सूखी घास सख्त हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों और खेतों में पाले की चादर स्पष्ट दिखाई दी।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4.2 डिग्री कम है। यह 2023 के बाद जनवरी का सबसे ठंडा दिन और लगातार दूसरा शीतलहर वाला दिन रहा। राजधानी में अधिकतम तापमान 20.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी कोहरे और ठंड जारी रहने का अनुमान जताया है, जहां तापमान 4 से 20 डिग्री के बीच रहेगा।
राजस्थान में भी तापमान शून्य के करीब रहने से जनजीवन प्रभावित हुआ। फतेहपुर, लूणकरणसर (0.4 डिग्री), चूरू (1.3 डिग्री), श्रीगंगानगर और करौली (1.5 डिग्री) सबसे ठंडे स्थान रहे। कोहरे के कारण यातायात प्रभावित हुआ और लोग अलाव तापते नजर आए।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ (3.3 डिग्री) भी ठंड की चपेट में हैं। गुरुग्राम के निवासियों ने बताया कि उन्होंने वर्षों में इतनी कड़ाके की ठंड नहीं देखी। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पॉल ने कहा कि अगले तीन दिनों तक भीषण ठंड जारी रहेगी, जिसके बाद इसमें कुछ राहत मिलने की संभावना है।
कश्मीर में भी ठंड का असर जारी है। श्रीनगर में पारा शून्य से 2.4 डिग्री नीचे और पुलवामा में 6.5 डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया। हिमाचल प्रदेश में 16 जनवरी से बर्फबारी का अनुमान है। चंबा समेत सात जिलों में घना कोहरा और शीतलहर के कारण 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। लाहौल-स्पीति का कुकुमसेरी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां पारा शून्य से 9.6 डिग्री नीचे गया।
उत्तर प्रदेश के लखनऊ, प्रयागराज और मेरठ में भी ठंड का असर रहा। लखनऊ में शाम का तापमान 13 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि अन्य प्रमुख शहरों में 13 से 19 डिग्री के बीच रहा। मौसम विभाग ने लोगों को ठंड से बचाव और विशेषकर बच्चों व बुजुर्गों के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी है।






.png)