आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल राज्य युवा कल्याण बोर्ड ने ‘सीन केरलम’ नामक एक नयी पहल शुरू की है, जिसका उद्देश्य जेनरेशन ‘जी’, ‘अल्फा’ और अन्य युवा नागरिकों को राज्य सरकार के साथ सीधे संवाद का अवसर देना तथा शासन में युवाओं की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा देना है।
राज्य में खेल, युवा मामले और निबंधन मंत्री ओ.जे. जनीश ने कहा कि इस पहल का मकसद नयी पीढ़ी के नजरिए, विचारों और सुझावों को समझना और उन्हें सरकार के साथ अपने विचार साझा करने के लिए एक मंच देना है।
उन्होंने एक बयान में कहा कि ‘सीन केरलम’ पोर्टल के माध्यम से युवा सीधे सरकार को अपने विचार और सुझाव भेज सकते हैं।
जनीश ने मंगलवार को केरलम विधानसभा परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम में आधिकारिक पोर्टल का लोगो जारी किया।
उन्होंने कहा कि राज्य युवा कल्याण बोर्ड के तहत इस पोर्टल को शुरू करने का मकसद राज्य सरकार की गतिविधियों में युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करना है।