Case filed against Rahul, Priyanka for entering Akashvani Bhavan without permission
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ विपक्ष के मार्च के दौरान आकाशवाणी भवन में जबरन घुसने के आरोप में कांग्रेस नेताओं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा तथा उनके समर्थकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
दिल्ली पुलिस के अधिकारियों ने बताया कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, उनके समर्थकों और उनके साथ मौजूद अन्य सांसदों के बिना अनुमति आकाशवाणी भवन परिसर में प्रवेश करने की शिकायत मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई।
पुलिस द्वारा मंगलवार को विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के निर्वाचन आयोग के कार्यालय की ओर मार्च को रोके जाने के बाद आकाशवाणी भवन के अंदर आठ घंटे से अधिक समय तक धरना देने पर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा समेत करीब 260 लोगों को हिरासत में ले लिया गया।
विपक्षी सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व वाले निर्वाचन आयोग के कामकाज में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। वे ‘‘वोट चोरी’’ का मुद्दा भी उठा रहे थे।