चक्रवात ‘अर्नब’ के मद्देनजर झारखंड के कुछ हिस्सों में 29 अक्टूबर तक स्कूल बंद

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-10-2026
Schools closed in parts of Jharkhand till October 29 in view of Cyclone Arnab
Schools closed in parts of Jharkhand till October 29 in view of Cyclone Arnab

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
झारखंड सरकार ने चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण हुई बारिश के मद्देनजर कई जिलों में 29 अक्टूबर तक स्कूल बंद रखने का आदेश दिया है। यह चक्रवात बुधवार को आंध्र प्रदेश के तट से टकराकर गुजरा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

रांची, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सिमडेगा जिला प्रशासन ने कहा कि बुधवार और बृहस्पतिवार को स्कूल बंद रहेंगे।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि चक्रवाती तूफान आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तट से टकराया। इस दौरान हवा की गति 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे थी जो 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी। आईएमडी के अनुसार, तट से टकराने की प्रक्रिया रात एक बजकर 20 मिनट के आसपास शुरू हुई।
 
आईएमडी ने बताया कि चक्रवात के प्रभाव से रांची, पश्चिमी सिंहभूम और पूर्वी सिंहभूम जैसे जिलों में मंगलवार रात से रुक-रुक कर बारिश हो रही है।
 
एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘रांची जिले में संचालित सभी सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में 28 और 29 अक्टूबर को केजी से 12वीं कक्षा तक की शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी।’’
 
रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने कहा कि चक्रवाती बादलों के जमा होने के कारण मंगलवार रात से राज्य के कई जिलों में हल्की बारिश हो रही है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘झारखंड में चक्रवात का प्रमुख प्रभाव बुधवार दोपहर से बृहस्पतिवार के बीच दिखाई देगा।’’
 
आईएमडी ने बुधवार सुबह 8.30 बजे से अगले 24 घंटे के दौरान रांची, खूंटी, सिमडेगा, गुमला, लोहरदगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम में भारी बारिश को लेकर ‘येलो अलर्ट’ (सतर्क रहें) जारी किया है।
 
आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, इसके बाद बारिश की तीव्रता बढ़ने की संभावना है। विभाग ने 30 अक्टूबर को सुबह 8.30 बजे तक के 24 घंटों के लिए गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम में ‘ऑरेंज अलर्ट’ (तैयार रहें) जारी किया है।