A confident Indian team will look to continue its winning streak against China.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
खिताब का बचाव करने के अपने अभियान का शानदार शुरुआत करने वाली पांच बार की चैंपियन भारतीय टीम बृहस्पतिवार को यहां एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) ने अपने दूसरे राउंड-रॉबिन मैच में चीन के खिलाफ अपनी जीत का सिलसिला जारी रखने की कोशिश करेगी।
एशियाई खेलों में लगातार दूसरा स्वर्ण पदक जीतने और लॉस एंजिलिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई करने वाली भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ 13-0 से बड़ी जीत हासिल की और वह आत्मविश्वास से भरी हुई है। पाकिस्तान ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत आने से इनकार कर दिया था जिसके बाद उसकी जगह बांग्लादेश को शामिल किया गया।
यह एकतरफा मैच था जिसमें अधिकतर समय गेंद बांग्लादेश के पाले में ही घूमती रही। बांग्लादेश भले ही मजबूत टीम नहीं हो लेकिन भारत के लिए उत्साहजनक पहलू रहा कि हरमनप्रीत सिंह की अगुवाई वाली टीम ने मैदानी और पेनल्टी कॉर्नर दोनों से गोल किए।
मंगलवार को खेले गए मैच में भारतीय टीम ने बांग्लादेश के खिलाफ आठ मैदानी गोल और पेनल्टी कॉर्नर पर पांच गोल दागे।
अनुभवी स्ट्राइकर मनदीप सिंह ने फॉर्म में वापसी की और हैट्रिक बनाकर आगे भी टीम में बने रहने के लिए अपना मजबूत दावा पेश किया क्योंकि रिपोर्टों के अनुसार उन्हें तथा जरमनप्रीत सिंह, अमित रोहिदास और नीलाकांता शर्मा को इस टूर्नामेंट के बाद टीम से बाहर किया जाएगा।
जहां नीलाकांता ने मंगलवार को घोषणा की कि यह उनका आखिरी अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट होगा, वहीं मनदीप और जरमनप्रीत खेलना जारी रखना चाहते हैं।