Heavy rains are expected in many parts of West Bengal till October 31 due to the impact of Cyclone Arnab.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने चक्रवात ‘अर्नब’ के प्रभाव से पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में 31 अक्टूबर तक भारी बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है। यह चक्रवात बुधवार तड़के आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचा था।
विभाग ने बताया कि मंगलवार को पश्चिम बंगाल के तटीय और दक्षिणी जिलों के कुछ हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई।
आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, राज्य के तटीय और पश्चिमी जिलों में शुक्रवार सुबह तक तथा उप-हिमालयी क्षेत्र में शनिवार तक भारी बारिश होने की संभावना है।
विभाग ने बताया कि चक्रवात बुधवार तड़के करीब एक बजकर 20 मिनट पर आंध्र प्रदेश के बापटला और विशाखापत्तनम के बीच तटीय हिस्से में पहुंचा। उस समय यह ‘अत्यंत भीषण’ चक्रवाती तूफान था और हवा की अधिकतम निरंतर गति 125 से 135 किलोमीटर प्रति घंटे थी, जबकि झोंकों की गति 150 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच रही थी।
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना और पूर्व मेदिनीपुर जिलों के तटीय इलाकों में मंगलवार शाम से तेज हवाओं के साथ भारी बारिश हुई।
बुलेटिन के अनुसार, कोलकाता में मंगलवार शाम साढ़े पांच बजे से बुधवार सुबह साढ़े आठ बजे तक 19.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। बुधवार को शहर में बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।