SAD President Sukhbir Badal attacked the AAP government on the question paper leak issue.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शिरोमणि अकाली दल (एसएडी) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने शुक्रवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर बार-बार प्रश्नपत्र लीक के माध्यम से पंजाब के युवाओं के साथ विश्वासघात करने का आरोप लगाया और कहा कि उनकी पार्टी के सत्ता में आने पर स्थानीय लोगों को नौकरी में आरक्षण देने का वादा किया।
बादल यहां शिरोमणि अकाली दल के छात्र संगठन स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया (एसओआई) की ओर से कथित परीक्षा प्रश्नपत्र लीक के विरोध में आयोजित प्रदर्शन को संबोधित कर रहे थे।
बादल ने अमेरिका और चीन का उदाहरण देते हुए कहा कि जो देश अपने युवाओं में निवेश करते हैं और उनकी सुरक्षा करते हैं, वही वैश्विक स्तर पर नेतृत्व करने वाले बन कर उभरते हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के युवाओं की उपेक्षा की जा रही है और उन्हें विरोध-प्रदर्शन के लिए सड़कों पर उतरने को मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार ने शिक्षा और रोजगार के प्रति पूरी तरह उदासीन रवैया अपना रखा है।
बादल ने कहा कि छात्र कोचिंग और परीक्षा की तैयारी पर भारी खर्च करते हैं, लेकिन अंततः भर्ती परीक्षाएं प्रश्नपत्र लीक होने के कारण प्रभावित हो जाती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार के कार्यकाल में लगभग 10 परीक्षा प्रश्नपत्र लीक हुए हैं और इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री भगवंत मान की चुप्पी की भी आलोचना की।
प्रदर्शन के दौरान बादल ने कई चुनावी वादे भी किए।