आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू कश्मीर विधानसभा में मंगलवार को उस प्रस्ताव को पारित किए जाने को लेकर हंगामा हुआ, जिसे मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने एक दिन पहले पेश किया था और जिसमें पूर्ण राज्य का दर्जा तत्काल बहाल करने की मांग की गई है।
विपक्ष के नेता सुनील शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को प्रस्ताव पारित करने की अनुमति देने के लिए विधानसभा अध्यक्ष अब्दुल रहीम राथर को पद से हटाने की मांग को लेकर एक प्रस्ताव पेश किया था और अब वह अध्यक्ष से अपने विवेक के आधार पर पद छोड़ने की अपेक्षा करते हैं।
भाजपा ने कहा कि सोमवार को विधानसभा द्वारा पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए पारित प्रस्ताव को अध्यक्ष ने नियमों का उल्लंघन करते हुए मंजूरी दी।
मंगलवार को विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही शर्मा ने आरोप लगाया कि अध्यक्ष ने विधि विभाग की इस सलाह के बावजूद प्रस्ताव को अनुमति दी कि यह ‘‘असंवैधानिक’’ है।
विपक्ष के नेता ने कहा, ‘‘मैं अध्यक्ष के विवेक पर छोड़ता हूं कि वह पद से इस्तीफा दे दें।’’
इसके बाद सत्ता पक्ष के सदस्य अपनी सीटों से खड़े हो गए और विपक्ष के खिलाफ ‘‘वोट चोर’’ जैसे नारे लगाने लगे।
अध्यक्ष ने सदस्यों से अपनी सीटों पर बैठने को कहा।