आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी ने सोशल मीडिया पर उनके नाम से बनाए गए फर्जी खातों से जुड़ने को लेकर प्रशंसकों और फॉलोअर को आगाह किया है। 'फेसबुक' और ‘एक्स’ पर उनके नाम से एक फर्जी पोस्ट वायरल होने के बाद उन्होंने यह चेतावनी दी।
शेट्टी ने मंगलवार को अपने इंस्टाग्राम खाते पर एक पोस्ट साझा कर कहा कि 'फेसबुक' या ‘एक्स’ पर उनका कोई खाता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन मंचों पर उनके नाम से चलाया जा रहा कोई भी खाता या प्रोफाइल फर्जी और अनधिकृत है।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि सोशल मीडिया पर मेरी एकमात्र आधिकारिक मौजूदगी 'इंस्टाग्राम' पर है। मैं 'फेसबुक' या ‘एक्स’ पर नहीं हूं। इन मंचों पर मेरे नाम से मौजूद कोई भी खाता या प्रोफाइल फर्जी और अनधिकृत है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मैं सभी से अनुरोध करता हूं कि ऐसे खातों से न जुड़ें और न ही उनके जरिये साझा की गई किसी सामग्री को मेरी ओर से कही गई बात मानें। आपकी समझ और निरंतर समर्थन के लिए धन्यवाद।’’
फेसबुक पर साझा की गई फर्जी पोस्ट में कॉमेडियन गौरव गुप्ता द्वारा ‘बिग बॉस 20’ के प्रतिभागियों स्काउट ओपी और लव गिल की रोस्टिंग की आलोचना की गई थी। इस पोस्ट को गलत तरीके से शेट्टी के नाम से जोड़ा गया था।
पोस्ट में लिखा था, ‘‘दोस्ताना अंदाज में मजाक करना ठीक है, लेकिन रोस्टिंग के नाम पर किसी का मजाक उड़ाना बंद होना चाहिए। हंसाना अच्छी बात है, लेकिन किसी को रुलाकर या उसका अपमान करके हंसना नहीं। सभी का सम्मान कीजिए।’’
शनिवार को प्रसारित हुए इस एपिसोड में कॉमेडियन ने शो के प्रतिभागियों की खिल्ली उड़ाई थी। हालांकि, उनकी कुछ टिप्पणियां सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं को पसंद नहीं आईं और उन्होंने उनकी आलोचना की।
शेट्टी की अगली फिल्म ‘गोलमाल 5’ है। इसमें अजय देवगन के साथ अरशद वारसी, तुषार कपूर, जॉनी लीवर और संजय मिश्रा सहित अन्य कलाकार नजर आएंगे।