आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) नेता टी के एस एलंगोवन ने बुधवार को राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने यह टिप्पणी दीपावली के बाद हुई हत्याओं के सिलसिले में पुलिस की उस कार्रवाई के बाद की, जिसमें 443 लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
राज्यव्यापी कार्रवाई पर एलंगोवन ने कहा कि पुलिस के लिए यह कदम उठाना जरूरी था, क्योंकि पूरे राज्य में हत्या की कई घटनाएं हुई थीं।
हालांकि, उन्होंने संकट की गंभीरता को रेखांकित करते हुए कहा कि अपराधियों ने पुलिसकर्मियों को धमकाया और एक पुलिसकर्मी की हत्या तक कर दी। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए यह सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में विफल रही है।’’ उन्होंने मौजूदा स्थिति को ‘‘सबसे खराब’’ बताया।
एलंगोवन ने राजनीतिक संबद्धता की परवाह किए बिना शिकायतों की निष्पक्ष जांच कराने के तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) नेतृत्व के वादों को भी खारिज किया।
उन्होंने ‘पीटीआई वीडियो’ से कहा, ‘‘टीवीके के वकीलों ने अदालत में याचिका दायर की थी कि सरकारी वकीलों की नियुक्ति पार्टी कार्यकर्ताओं ने पैसे लेकर की है। इस सरकार ने क्या कार्रवाई की? इस संबंध में अदालत में याचिका दायर की गई थी।’’
एलंगोवन ने आरोप लगाया कि टीवीके के विधायक आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल हैं। उन्होंने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय से अपने विधायकों को चेतावनी देने का आग्रह किया।