आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
बिहार में राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) प्रश्नपत्र लीक के खिलाफ हुए आंदोलन के दौरान कथित पुलिस ज्यादती के विरोध में राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पटना में लोक भवन तक विरोध मार्च की शुरुआत की।
प्रदर्शन मार्च पटना के जेपी गोलंबर से शुरू हुआ और मार्च के दौरान डाकबंगला चौराहा होते हुए लोक भवन पहुंचने का कार्यक्रम है।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सांसद मनोज झा ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा कि ‘जेन-जी’ की भावनाओं को समझना जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों ने ईमानदार और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया, लेकिन सरकार ने उनके खिलाफ एके-47 राइफल, पैलेट गन और कील लगी लाठियों का इस्तेमाल किया।
झा ने कहा, ‘‘हम इस मार्च के जरिए इन सभी पहलुओं को बिहार के राज्यपाल के संज्ञान में लाना चाहते हैं।’’
पटना में अत्यधिक संख्या में पुलिस बल की तैनाती और अवरोधक लगाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि पुलिस को उनके खिलाफ भी पैलेट गन का इस्तेमाल करना चाहिए, ताकि वे छात्रों का दर्द साझा कर सकें।
राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि पार्टी निहत्थे छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ लाठियों और एके-47 राइफल के कथित इस्तेमाल के विरोध में राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी। उन्होंने पुलिस पर फर्जी मुठभेड़ करने का आरोप लगाया और मारे गए लोगों के परिजनों को सरकार से मुआवजा देने की मांग की।
उन्होंने कहा कि राजद कार्यकर्ता शांतिपूर्ण तरीके से मार्च करेंगे और पुलिस जहां भी रोकेगी, वहीं रुक जाएंगे। इसके बाद पार्टी का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मुलाकात करेगा।