रेखा को आईएफएफएम में मिलेगा उत्कृष्ट सिनेमा पुरस्कार

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-07-2026
Rekha to receive Best Cinema Award at IFFM
Rekha to receive Best Cinema Award at IFFM

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
अभिनेत्री रेखा भारतीय फिल्म महोत्सव मेलबर्न (आईएफएफएम) में विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगी, जहां उन्हें उत्कृष्ट सिनेमा पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
 
महोत्सव में रेखा के अतुलनीय फिल्मी सफर और भारतीय सिनेमा में उनके असाधारण योगदान को सम्मान देने के लिए फिल्म ‘उमराव जान’ प्रदर्शित की जाएगी।
 
रेखा ने ‘सिलसिला’, ‘खूबसूरत’, ‘इजाजत’, ‘घर’, ‘खून भरी मांग’, ‘खिलाड़ियों का खिलाड़ी’ और ‘कोई... मिल गया’ जैसी फिल्मों के जरिए भारतीय सिनेमा में अपनी अमिट पहचान बनाई है।
 
मुजफ्फर अली के निर्देशन में बनी ‘उमराव जान’ रेखा के करियर की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में से एक है। इस साल फिल्म की रिलीज के 45 वर्ष पूरे हुए हैं।
 
रेखा ने एक बयान में कहा, ‘‘ ‘उमराव जान’ कभी मुझसे दूर नहीं हुई। वह मेरी यादों, मेरी खामोशियों और उन लोगों के दिलों में बसती हैं, जिन्होंने वर्षों से उसे बहुत प्यार और अपनापन दिया है। उस सफर को फिर से याद करना और इस फिल्म को वैश्विक मंच पर सम्मानित होते देखना मेरे लिए बेहद भावुक कर देने वाला अनुभव है।’’
 
रेखा 15 अगस्त को मेलबर्न में भारतीय समुदाय के सदस्यों, ऑस्ट्रेलिया के गणमान्य व्यक्तियों, फिल्मकारों, कलाकारों और सिनेमा प्रेमियों के साथ भारतीय तिरंगा भी फहराएंगी।
 
भारतीय फिल्म महोत्सव मेलबर्न (आईएफएफएम) का आयोजन 13 से 23 अगस्त तक किया जाएगा।