ईवीएम से छेड़छाड़ पायी गयी तो पुन: मतदान की संभावना: बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-04-2026
Re-polling likely if EVMs are found tampered with: Bengal Chief Electoral Officer
Re-polling likely if EVMs are found tampered with: Bengal Chief Electoral Officer

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) मनोज अग्रवाल ने बुधवार को कहा कि जिन मतदान केंद्रों पर इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) से छेड़छाड़ पाई जाएगी, वहां दोबारा मतदान की घोषणा किए जाने की संभावना है।
 
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि ईवीएम में टेप या स्याही से छेड़छाड़ के आरोपों पर जिला निर्वाचन अधिकारी या चुनाव पर्यवेक्षकों से रिपोर्ट मिलने के बाद ही पुनर्मतदान का आदेश दिया जाएगा।
 
अग्रवाल का बयान ऐसे समय में आया है जब भाजपा ने आरोप लगाया है कि आज दूसरे एवं आखिरी चरण के मतदान के दौरान कुछ मतदान केंद्रों ने उसके चुनाव चिह्न को टेप से ढ़क दिया या उसपर स्याही डाल दी गयी।
 
भाजपा के सूचना प्रौद्योगिकी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर एक वीडियो साझा करते हुए दावा किया कि फाल्टा विधानसभा क्षेत्र के मतदान केंद्र संख्या 144 और 189 पर पार्टी के चिन्ह पर सफेद टेप लगा दिया गया है। मालवीय ने इन मतदान केंद्रों पर पुन:चुनाव की मांग की।
 
निर्वाचन आयोग ने भाजपा नेता द्वारा साझा किए गए वीडियो की प्रामाणिकता की अभी तक पुष्टि नहीं की है, लेकिन कहा है कि जमीनी स्तर से प्राप्त रिपोर्टों की जांच की जा रही है।
 
अग्रवाल ने पत्रकारों से कहा, ‘‘हम ईवीएम पर काली या सफेद टेप लगाने से संबंधित शिकायतों की समीक्षा करेंगे तथा फिर विचार करेंगे कि पुनर्मतदान की आवश्यकता है या नहीं।’’
 
उन्होंने संकेत दिया कि यदि यह समस्या व्यापक पाई जाती है तो आयोग कार्रवाई का दायरा बढ़ा सकता है।