आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने बुधवार को कहा कि अगर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस राज्य के मुख्यमंत्री बनते हैं तो सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी में सभी उनका स्वागत करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री पद में बदलाव के मुद्दे पर पार्टी के भीतर जारी अंदरूनी राजनीति और भ्रम के बीच राज्य की जनता से किए गए ‘‘सुशासन’’ के वादे को पूरा करना अधिक महत्वपूर्ण है।
ये बयान ऐसे समय आए हैं जब पार्टी और राजनीतिक हलकों में चार राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश के विधानसभा चुनावों के परिणाम तथा कर्नाटक की दो विधानसभा सीटों के उपचुनाव नतीजे चार मई को आने के बाद इस दक्षिणी राज्य में नेतृत्व परिवर्तन और मंत्रिमंडल फेरबदल को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं।
परमेश्वर ने पत्रकारों से कहा, ‘‘अगर खरगे मुख्यमंत्री बनते हैं तो हमें बहुत खुशी होगी, क्योंकि वह अत्यंत अनुभवी वरिष्ठ नेता हैं। अगर वह मुख्यमंत्री बनते हैं तो हम सभी उनका स्वागत करेंगे।’’