Rajya Sabha elections in Haryana: BJP's Sanjay Bhatia, Congress's Karamveer Bauddha to file nominations
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
हरियाणा से खाली हो रही राज्यसभा की दो सीट के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संजय भाटिया और कांग्रेस के करमवीर सिंह बौद्ध बृहस्पतिवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
नामांकन दाखिल करने के आखिरी दिन कांग्रेस ने बौद्ध के नाम की घोषणा की।
हरियाणा सरकार के सेवानिवृत्त कर्मचारी बौद्ध एक दलित कार्यकर्ता भी रहे हैं जिन्होंने विभिन्न मंचों पर समुदाय से संबंधित मुद्दों को उठाया है।
भाजपा खेमे से सत्तारूढ़ पार्टी ने मंगलवार को घोषणा की कि उसने हरियाणा से राज्यसभा चुनाव के लिए करनाल से अपने पूर्व सांसद भाटिया को उम्मीदवार बनाया है।
बौद्ध 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में मुलाना सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस टिकट के दावेदार थे। हालांकि, उस समय पार्टी ने अंबाला के सांसद वरुण चौधरी की पत्नी पूजा चौधरी को टिकट दिया और उन्होंने सीट पर जीत दर्ज की।
सूत्रों ने बताया कि राज्यसभा चुनाव में बौद्ध को मैदान में उतारकर पार्टी ने जातिगत समीकरणों को संतुलित करने की कोशिश की है।
हरियाणा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा जाट समुदाय से आते हैं जबकि कांग्रेस की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ओबीसी (अन्य पिछड़ा वर्ग) समुदाय से हैं।
बौद्ध का नाम घोषित करने से पहले जिन संभावित उम्मीदवारों के नाम चर्चा में थे उनमें कांग्रेस की हरियाणा इकाई के पूर्व अध्यक्ष उदय भान का नाम भी शामिल था।
इससे पहले बौद्ध अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति कर्मचारी संघ के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्हें कांग्रेस द्वारा राज्य में पिछले विधानसभा चुनाव के लिए दलित संपर्क समन्वयक भी नियुक्त किया गया था।