आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
राजस्थान के 22 जिलों में 3626 ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच के लिए शुक्रवार को मतदान हो रहा है जहां पहले तीन घंटे में 19.29 प्रतिशत मतदाताओं ने मताधिकार का इस्तेमाल किया । अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
अधिकारियों के अनुसार मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और सुबह दस बजे तक 19.29 प्रतिशत मतदान हुआ। इस दौरान जोधपुर की समराउ पंचायत में सबसे अधिक 29.61 प्रतिशत व नागौर की मूंडवा पंचायत में सबसे कम 6.61 प्रतिशत मतदान हुआ।
मतदान को लेकर लोगों में उत्साह भी देखने को मिला। कोटपूतली बहरोड़ में कई जगह हल्की बूंदाबांदी व बारिश की बीच लोग मतदान करने पहुंचे। बड़ी संख्या में बुजुर्ग व महिलाएं मतदान के लिए कतारों में लगे दिखे।
मतदान शाम छह बजे तक होगा। इस चरण में सरपंच पद के लिए कुल 21839 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। 45 ग्राम पंचायतों के सरपंच निर्विरोध चुने गए हैं।