आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जनता दल (यूनाइटेड) (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने पार्टी के वरिष्ठ नेता ललन सिंह और विधान पार्षद नीरज कुमार के बीच कथित मतभेद को ज्यादा तूल नहीं देते हुए शुक्रवार को कहा कि पार्टी में कभी-कभी छोटी-मोटी मतभिन्नताएं होती रहती हैं।
नीरज कुमार ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से विपक्ष की चुनौती के बावजूद अपनी सीट बरकरार रखी है। उन्होंने बृहस्पतिवार को ललन सिंह से मिलकर उनका आशीर्वाद लेने से इनकार कर दिया था। नीरज कुमार के इस रुख को विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी में गुटीय विवाद के दौरान ललन सिंह द्वारा तत्कालीन जदयू विधायक अनंत सिंह (अब पार्टी से निष्कासित) को कथित तौर पर नैतिक समर्थन दिए जाने से जोड़कर देखा जा रहा है।
नीरज कुमार और अनंत सिंह के बीच चुनाव से पहले विवाद के दौरान पार्टी के अधिकृत मध्यस्थ के रूप में ललन सिंह ने कहा था कि ऐसा प्रतीत होता है कि पार्टी की प्रदेश इकाई अनंत सिंह की शिकायतों का उचित ढंग से समाधान करने में विफल रही है।
ललन सिंह का इशारा अनंत सिंह के एक आरोप की ओर था, जिसमें अनंत सिंह ने कहा था कि नीरज कुमार ने 2025 के विधानसभा चुनाव में उनके खिलाफ काम किया था। इसके बाद अनंत सिंह ने पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अपनी ही पार्टी के उम्मीदवार के खिलाफ जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार किया था।