दिल्ली के कुछ हिस्सों में बारिश, वायु गुणवत्ता ‘संतोषजनक’

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 22-07-2026
Rain lashes parts of Delhi, air quality 'satisfactory'
Rain lashes parts of Delhi, air quality 'satisfactory'

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 दिल्ली के कुछ हिस्सों में बुधवार को बारिश हुई, जिससे न्यूनतम तापमान गिरकर 25.8 डिग्री सेल्सियस हो गया जो इस मौसम के औसत तापमान से 1.5 डिग्री कम है।
 
मध्य दिल्ली, सफदरजंग और संगम विहार सहित कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई, जबकि कुछ स्थानों पर जलभराव भी हुआ।
 
दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग वेधशाला ने पिछले 24 घंटे में 12 मिलीमीटर बारिश दर्ज की।
 
अन्य मौसम केंद्रों में पालम में न्यूनतम तापमान 23.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.4 डिग्री कम है। लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस, रिज में 23.7 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ये तापमान सामान्य से क्रमशः 0.6 डिग्री, 2.6 डिग्री और एक डिग्री कम हैं।
 
सुबह सापेक्ष आर्द्रता 90 प्रतिशत दर्ज की गई।
 
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने दिन में आमतौर पर बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
 
पिछले 24 घंटे में सफदरजंग में 12 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई। पालम में 18.7 मिलीमीटर, लोधी रोड में 9.8 मिलीमीटर और आयानगर में 20.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। रिज वेधशाला में नाममात्र बारिश हुई।
 
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह नौ बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 65 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है।