राहुल को निराधार आरोप लगाने, सदन का दुरूपयोग करने के लिए माफी मांगनी चाहिए : पीयूष गोयल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-07-2026
Rahul should apologise for making baseless allegations and misusing the House: Piyush Goyal
Rahul should apologise for making baseless allegations and misusing the House: Piyush Goyal

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली


 
केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर राहुल गांधी के आरोपों को बुधवार को ‘‘निराधार’’ और ‘‘झूठा’’ करार देते हुए कहा कि नेता प्रतिपक्ष ‘‘हताश’’ हैं, क्योंकि छात्रों ने उन्हें ‘‘नकार दिया’’ है।
 
संसद भवन परिसर में संवाददाताओं के साथ बातचीत में, गोयल ने राहुल के उन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए यह बात कही, जो कांग्रेस नेता ने प्रश्नपत्र लीक रोधी कानून में संशोधन विधेयक पर चर्चा के दौरान लगाए थे।
 
गोयल ने कहा, ‘‘यह कुछ और नहीं, बल्कि झूठ का पुलिंदा है... उन्हें इससे बचकर नहीं निकलने दिया जाना चाहिए। राहुल गांधी को माफी मांगनी चाहिए। यह सदन का घोर दुरुपयोग है।’’
 
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने बुधवार को आरोप लगाया कि गृह मंत्री अमित शाह ने छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की अनुमति दी थी और भाजपा के वैचारिक संगठन ने शिक्षा व्यवस्था पर ‘‘कब्जा’’ कर लिया है। उनके इस बयान को लेकर सदन में हंगामा हुआ।
 
राहुल गांधी ने नीट प्रश्नपत्र लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेतृत्व में हुए संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर सुरक्षा बलों द्वारा की गई कार्रवाई के संदर्भ में यह आरोप लगाया था।
 
गोयल ने पलटवार करते हुए कहा, ‘‘कोई गोलीबारी नहीं हुई थी। राहुल गांधी इस तरह के झूठे आरोप कैसे लगा सकते हैं? उन्हें सदन और देश से माफी मांगनी चाहिए।’’
 
भाजपा नेता ने कहा, ‘‘नेता प्रतिपक्ष ने सदन में ऐसे निराधार और झूठे बयान दिए। जब कोई गोलीबारी हुई ही नहीं, तब भी संसद में ऐसे आरोप लगाए गए। मैं इसकी कड़ी निंदा करता हूं।’’
 
गोयल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने करीब एक घंटे के अपने भाषण में प्रश्नपत्र लीक रोधी विधेयक पर कुछ नहीं बोला। उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि राहुल गांधी के पास कहने के लिए कुछ नहीं था। उन्होंने लगभग एक घंटे तक विधेयक के संबंध में एक भी बात नहीं कही। उनका पूरा भाषण झूठ का पुलिंदा था।’’