विद्यार्थियों के हितों की कीमत पर राजनीति कर रहे राहुल गांधी: भाजपा

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 17-06-2026
Rahul Gandhi doing politics at the cost of students' interests: BJP
Rahul Gandhi doing politics at the cost of students' interests: BJP

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
राजस्थान के कोटा में राहुल गांधी के विद्यार्थियों के साथ संवाद से पहले, भाजपा ने बुधवार को कांग्रेस नेता पर आरोप लगाया कि वह 21 जून को नीट-यूजी की दोबारा परीक्षा की तैयारी के अंतिम चरण में जुटे मेडिकल अभ्यर्थियों के हितों की कीमत पर राजनीति कर रहे हैं।
 
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने सवाल उठाया कि राहुल गांधी ने विद्यार्थियों से संवाद के लिए कोटा को ही क्यों चुना, जबकि नीट की पुर्नपरीक्षा में केवल 72 घंटे शेष हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी राजनीतिक फायदे के लिए अवसरवादी रवैया अपना रहे हैं।
 
त्रिवेदी ने कहा, ‘‘क्या कांग्रेस की आंतरिक राजनीति के कारण आप वहां छात्रों की भावनाओं से खेलना चाहते हैं?’’
 
पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस के अभियान और युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाने के लिए गांधी शाम को कोटा में विद्यार्थियों से बातचीत करेंगे। कोटा के एक ‘ओपन थिएटर’ में होने वाले इस कार्यक्रम को, कांग्रेस देशभर में अपने छात्र सम्मेलनों की श्रृंखला के पहले कार्यक्रम के तौर पर पेश कर रही है।
 
इस अभियान का उद्देश्य कथित प्रश्नपत्र लीक, परीक्षाओं पर बढ़ते खर्च और भर्ती एवं शिक्षा व्यवस्था में निष्पक्षता तथा पारदर्शिता सुनिश्चित करने में सरकार की कथित विफलता के कारण युवाओं के सामने आने वाली चुनौतियों को उजागर करना है।