आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान सोशल मीडिया रील बनाने के प्रति आगाह करते हुए कहा कि इस तरह के कृत्य अनुशासनहीनता हैं और बल की गरिमा को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
लखनऊ में एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती और प्रोन्नति बोर्ड द्वारा भर्ती किए गए 930 कंप्यूटर ऑपरेटरों (ग्रेड-ए) को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि पुलिस बल के प्रत्येक सदस्य को ड्यूटी पर ध्यान केंद्रित रखना चाहिए और आत्म-अनुशासन बनाए रखना चाहिए।
उन्होंने कहा, ‘‘याद रखें, ऐसा तभी हो सकता है जब आप आत्म-अनुशासन की भावना बनाए रखें। हम अक्सर देखते हैं कि ड्यूटी के दौरान कई लोग रील बनाते रहते हैं। यह अनुशासनहीनता का हिस्सा है। उस समय ड्यूटी के प्रति सतर्क रहना होता है, रील नहीं बनाना होता।’’
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिसकर्मियों को अपने काम से जुड़ी जिम्मेदारी के प्रति सचेत रहना चाहिए और ऐसे कार्यों से बचना चाहिए जो बल को उपहास का विषय बना सकते हैं।
उन्होंने कहा, "हमें यह ध्यान रखना चाहिए कि हम जो काम करते हैं, उसमें समान स्तर की सतर्कता और गंभीरता की आवश्यकता होती है। गरिमा के साथ किया गया हर काम परिणाम देता है। किसी को भी ऐसा कुछ नहीं करना चाहिए जो अनावश्यक रूप से हमें हंसी का विषय बना दे।’’