प्रियंका गांधी की नीलांबुर के लिए अधिक एमईएमयू रेल सेवाओं की मांग

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-08-2026
Priyanka Gandhi demands more MEMU train services to Nilambur
Priyanka Gandhi demands more MEMU train services to Nilambur

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केरल के वायनाड से कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने अपने लोकसभा क्षेत्र में अतिरिक्त एमईएमयू ट्रेन सेवाओं की मांग को लेकर केंद्रीय रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखा है। पार्टी सूत्रों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, प्रियंका वाद्रा ने अपने संसदीय क्षेत्र में रेल बुनियादी ढांचे में सुधार की मांग करते हुए लिखे पत्र में पलक्कड़-नीलांबुर और शोरनूर-नीलांबुर रेल मार्गों पर यात्रियों की भारी आवाजाही का हवाला देते हुए अतिरिक्त मेनलाइन इलेक्ट्रिक मल्टीपल यूनिट (एमईएमयू) सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया है।
 
उन्होंने पलक्कड़-नीलांबुर और शोरनूर-नीलांबुर मार्गों पर चल रही मौजूदा यात्री ट्रेनों को एमईएमयू सेवाओं में परिवर्तित करने की भी मांग की।
 
सूत्रों ने बताया कि प्रियंका ने पलक्कड़ मंडल और दक्षिण रेलवे मुख्यालय द्वारा रेलवे बोर्ड को अनुशंसित पांच नई एमईएमयू सेवाओं को तत्काल मंजूरी देने का भी अनुरोध किया है।
 
उन्होंने रेल मंत्री से तिरुवनंतपुरम-शोरनूर वेनाड एक्सप्रेस का विस्तार नीलांबुर तक करने, नीलांबुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म को 24 डिब्बों वाली ट्रेन के अनुरूप लंबा करने और स्टेशन यार्ड का नवीनीकरण कराने की भी मांग की।
 
सूत्रों के अनुसार, उनकी अन्य मांगों में थुव्वूर, पट्टिक्काड, चेरुकारा और वल्लापुझा हॉल्ट स्टेशन के प्लेटफॉर्म का विस्तार करके उन्हें 24 डिब्बों वाली ट्रेन के अनुरूप बनाना तथा शोरनूर जंक्शन पर यातायात का दबाव कम करने के उपायों में तेजी लाना शामिल है।
 
उन्होंने कोट्टायम-नीलांबुर एक्सप्रेस और शोरनूर-नीलांबुर एमईएमयू के प्रस्थान समय में बदलाव का भी अनुरोध किया, ताकि तिरुवनंतपुरम-कासरगोड और तिरुवनंतपुरम-मंगलूरु वंदे भारत एक्सप्रेस सेवाओं से सुविधाजनक संपर्क मिल सके।
 
पत्र में प्रियंका गांधी वाद्रा ने शोरनूर-नीलांबुर एमईएमयू सेवा शुरू करने, कोट्टायम-नीलांबुर एक्सप्रेस में एक अतिरिक्त डिब्बा जोड़ने तथा थुव्वूर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म का विस्तार करने के लिए रेल मंत्री का आभार भी व्यक्त किया।