नई दिल्ली,
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को देशवासियों को धनतेरस के पावन पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस अवसर पर सभी लोगों के लिए सुख, समृद्धि और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर अपने संदेश में लिखा,“देश के मेरे सभी परिवारजन को धनतेरस की अनेकानेक शुभकामनाएं। इस पावन अवसर पर मैं हर किसी के सुख, सौभाग्य और आरोग्य की कामना करता हूं। भगवान धन्वंतरि सबको अपना भरपूर आशीर्वाद दें।”
धनतेरस, जिसे धन्वंतरि त्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है, दीपावली के पांच दिवसीय महापर्व की शुरुआत का प्रतीक होता है। यह पर्व हर वर्ष हिंदू पंचांग के अनुसार अश्विन मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि को मनाया जाता है।
ऐसा माना जाता है कि इसी दिन समुद्र मंथन से आयुर्वेद के जनक भगवान धन्वंतरि अमृत कलश के साथ प्रकट हुए थे। इसलिए इस दिन को आरोग्य और समृद्धि के प्रतीक के रूप में मनाया जाता है।
धनतेरस के दिन लोग सोना-चांदी, बर्तन, आभूषण या अन्य कीमती वस्तुएं खरीदते हैं। यह खरीदारी शुभ और सौभाग्यवर्धक मानी जाती है। बाजारों में भी इस दिन विशेष रौनक देखी जाती है।प्रधानमंत्री मोदी की शुभकामनाओं के साथ देशभर में त्योहार का उल्लास और बढ़ गया है, और लोग दीपावली की तैयारियों में जुट गए हैं।